सहारनपुर निवासी प्रख्यात गीतकार एवं कवि राजेंद्र राजन का देर रात बीमारी के चलते निधन हो गया। वह करीब 65 वर्ष के थे। चुनाव के दौर में उनके द्वारा गाया गया गीत ‘आने वाले हैं शिकारी मेरे गांव में’ काफी लोकप्रिय रहा है। स्वर्गीय राजेंद्र राजन के पुत्र प्रशांत राजन ने बताया कि उनके पिता को पिछले कुछ दिनों से लंग्स में दिक्कत हो रही थी। इससे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।बुधवार को लग्स में परेशानी के चलते उन्हें निजी अस्पताल में ले जाया गया था। बाद में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया गया। जहां रात करीब 3:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्होंने बताया कि कोरोना की रिपोर्ट आने के बाद ही शव उन्हें मिल पाएगा। देश विदेश के मंचों पर अपने गीत व कविताओं के माध्यम से सहारनपुर की पहचान बनाने वाले राजेंद्र राजन के निधन पर साहित्यकारों व रंगमंच से जुड़े कलाकारों ने दुख जताया है। कवि राजेंद्र राजन ने कई किताबें भी लिखी हैं।