मामला मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के झिंझाड़पुर गांव का है। यहां रहने वाले योगेंद्र सिंह के घर पर बुधवार रात उनका साला संजय आया था। संजय बहसूमा क्षेत्र के बतावली गांव का रहने वाला था।
उत्तरप्रदेश के मेरठ में अपनी बहन के घर आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार रात युवक अपनी बहन के घर आया था। देर रात उसके कमरे से गोली चलने की आवाज आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का केस मान रही है, लेकिन शक के आधार पर परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक मामला फलावदा थाना क्षेत्र के झिंझाड़पुर गांव का है। यहां रहने वाले योगेंद्र सिंह के घर पर बुधवार रात उनका साला संजय आया था। संजय बहसूमा क्षेत्र के बतावली गांव का रहने वाला था। परिवार के लोगों ने बताया कि संजय खाना खाने के बाद आराम करने के लिए कमरे में चला गया था। जिसके कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजन कमरे में पहुंचे तो कमरे में संजय का शव पड़ा था। संजय की कनपटी पर गोली लगने का निशान है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक गोली कनपटी से सटाकर मारी गई है जो आर पार निकल गई। मौके पर तमंचा भी बरामद नहीं हुआ है, न ही किसी तरह का कोई सुसाइड नोट मिला है। पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना पुलिस को पड़ोसियों से मिली। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन तमंचा न मिलना घटना को संदेह के घेरे में ले जाता है। पुलिस परिवार के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जांच के बाद स्थिति साफ हो पाएगी।