उत्तर प्रदेश के बागपत में बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में किशोरी की घर में ही चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। तीन हमलावरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मोहल्ला शोरगिरान निवासी मजदूर अहसान ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह जुमे की नमाज पढ़ने के लिए गया हुआ था। घर पर परिवार की महिलाएं और उसकी बेटी सना (17) मौजूद थीं। शाम चार बजे तीन युवक घर में घुसे।
हमलावरों ने चाकू निकाले, इससे परिवार की महिलाएं डरकर सीढ़ियों से होते हुए छत पर चढ़ गई। हमलावरों ने सना को पकडक़र उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। एसपी का कहना है कि जांच पड़ताल में पारिवारिक विवाद के कारण हत्या होना सामने आया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।