शुक्रवार का दिन डाक विभाग के लिए बुरी खबर लेकर आया। मेरठ मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर उग्रसेन की मृत्यु हो गई। वह अभी केवल 52 वर्ष के थे। फिलहाल, उनका उपचार मूल निवास बरेली में चल रहा था। इससे पहले वह गंगानगर स्थित आइआइएमटी लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती थे। लगभग आठ दिन पहले उन्हें यहां से बरेली रेफर किया गया था। कोरोना संक्रमण के चलते प्रवर अधीक्षक के फेफड़ों बुरी तरह प्रभावित थे। उनके निधन के बाद मेरठ मंडल का पदभार मुरादाबाद के प्रवर अधीक्षक वीर सिंह को अतिरिक्त जिम्मेदारी के तौर पर सौंपा गया है। उग्रसेन की मृत्यु पर बरेली रीजन के पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने दुख जताते हुए इसे विभागीय क्षति बताई है।