पंजाब कांग्रेस की अंतर्कलह का कारण बने नवजोत सिद्धू का आम आदमी पार्टी में जाना तय हो गया है। तीन दिन पहले आम आदमी पार्टी को घेरने वाले सिद्धू ने मंगलवार को आप की तारीफ में खूब करीदे पढ़े। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में विपक्षी पार्टी AAP ने हमेशा उनके विजन और काम को पहचाना है। 2017 में बेअदबी, ड्रग्स, किसान और करप्शन के मुद्दे हों या अब राज्य का मौजूदा बिजली संकट हो या फिर अब मैं पंजाब मॉडल पेश कर रहा हूं। वो जानते हैं कि वास्तव में पंजाब के लिए कौन लड़ रहा है।
सिद्धू ने ट्वीट के साथ एक पुराना न्यूज वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें उनके राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद पंजाब में AAP की ओर से उनके लिए माहौल बनाने की बात कही गई है। वीडियो में AAP नेता संजय सिंह व पार्टी के पंजाब के अध्यक्ष भगवंत मान सिद्धू की तारीफ कर रहे हैं। संजय सिंह कहते हैं कि सिद्धू और उनकी पत्नी अकाली दल के भ्रष्टाचार, ड्रग माफिया, किसानों की बदहाली के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। भगवंत मान कहते हैं कि कोई भी व्यक्ति अपने रोल मॉडल से बड़ा नहीं हो सकता। अगर सिद्धू पार्टी में आते हैं तो मैं सबसे पहला व्यक्ति होऊंगा, जो उनका स्वागत करूंगा।
सिद्धू के इस वीडियो को शेयर करने के बाद ऐसे सवाल उठने लगे हैं कि क्या वे AAP में शामिल होंगे या सिर्फ कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर दबाव डालने के लिए ही उन्होंने वीडियो शेयर किया है।
सिद्धू और उनकी पत्नी लगातार अकाली दल को घेर रही
तीन दिन पहले दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के पंजाब में थर्मल प्लांट बंद करने की याचिका को लेकर सिद्धू ने हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि AAP चाहती है कि पंजाब में थर्मल प्लांट बंद हो जाएं। पंजाब में बिजली संकट से पंजाबियों को परेशानी हो और किसानों की फसल बर्बाद हो जाए। सिद्धू ने कहा था कि प्रदेश को दिल्ली मॉडल की नहीं, बल्कि पंजाब मॉडल की जरूरत है। नीति पर काम न करने वाली राजनीति महज नकारात्मक प्रचार है और लोकपक्षीय एजेंडे से वंचित नेता राजनीति सिर्फ बिजनेस के लिए करते हैं। इसलिए विकास बगैर राजनीति उनके लिए कोई मायने नहीं रखती है।