मेरठ के एक और व्यक्ति की शुक्रवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। बताया गया कि वह पहले मेरठ के सुभारती अस्पताल मे भर्ती था और उस समय उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
इसके बाद उसे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मेरठ पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके परिवार और संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन करने की तैयारी में जुटा है।
बताया गया कि रमेश चंद (70 वर्ष) को शुगर और पेट में इंफेक्शन होने के चलते 10 अप्रैल को सुभारती में भर्ती कराया गया था।
इसके बाद उन्हें 25 अप्रैल को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। अस्पताल से शुक्रवार सुबह छह बजे फोन आया था कि रमेश की मौत हो गई है।
इसके बाद परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। परिजन शव लेकर दिल्ली से सूरजकुंड पहुचेंगे। रमेश चंद का मंडी में फल और सब्जी का कारोबार था। मंडी के गेट के पास ही उसका मकान है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने इसकी पुष्टि की है।
डॉ. राजकुमार, सीएमओ, मेरठ –
मेरठ में उसे सुभारती अस्पताल में क्वारंटीन किया गया था और उस समय रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब दिल्ली के अपोलो अस्पताल में मौत होने की खबर मिली है। उसके परिवार और संपर्क में आए लोगों की तलाश कर उन्हें क्वारंटीन किया जाएगा।
Source: Amar Ujala