शासन के आदेश पर अनलॉक-3 में भी शुक्रवार की रात 10 बजे से जिले में 55 घंटे का प्रतिबंध शुरू हो गया। रात 10 बजे के बाद पुलिस फोर्स सड़कों पर आ गई। हालांकि ईद-उल-अजहा को देखते हुए थोड़ी सख्ती कम रही। डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि 55 घंटे के प्रतिबंध का सख्ती के साथ अनुपालन होगा, इसमें कोई छूट नहीं दी जाएगी।
शासन के आदेश का अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य मामलों में रविवार को विचार किया जाएगा।
अनलॉक-3 में शासन के आदेश के तहत अगले आदेश तक मेरठ सहित प्रदेश में शुक्रवार की रात 10 बजे से सोमवार की सुबह पांच बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रतिबंध के दौरान आवश्यक सेवाओं, रोडवेज बसों को छोड़कर बाजार, प्रतिष्ठान सब बंद रहेंगे।
गुरूवार की रात जारी आदेश के तहत अनलॉक-3 में भी हॉटस्पॉट, कैंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। शासन ने इसे स्पष्ट कर दिया है। ऐसे में शनिवार और रविवार को बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान आदि बंद रहेंगे। सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा।