भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। भाजपाइयों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यालय के ट्वीट एकाउंट से ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व जिलाध्यक्ष के शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में जांच कर दोषियों के विरूद्ध 24 घंटे में विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण की जवाबदेही भी तय करने के निर्देश दिए है। वहीं दूसरी डीजीपी ने हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए छपरौली के प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने कहां कि बागपत में पुलिस व्यवस्था चौपट है। इससे उन्होंने डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को फोन से अवगत करा दिया है।
केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान पहुंचे
पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या की जानकारी केन्द्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान को भी दी गई है। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और शोक व्यक्त किया। नगर पंचायत छपरौली चेयरमैन संजीव खोखर ने बताया कि संजय खोखर के हत्यारोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर भाजपाईयों का जमावड़ा लग गया है।