क्रिकेट विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए फाइनल मैच में मेरठ के बल्ले ने कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी की किस्मत बदल दी थी। उसी तरह मेरठ का बल्ला अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के लिए जादुई साबित हुआ। 2016 में आई महेंद्र सिंह धोनी द अनटोल्ड स्टोरी में माही का किरदार निभाने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म के अंतिम दृश्य में मेरठ की कंपनी एसएस के बल्ले से हेलीकॉप्टर शॉट लगाकर छक्का जड़ा। यही छक्का सुशांत को फिल्म जगत में जीत के नए पायदान पर ले गया। इसी फिल्म के बाद सुशांत के फिल्मी कॅरियर ने रफ्तार पकड़ी और एक के बाद एक सफल फिल्में उनकी झोली में आईं।
एसएस कंपनी के निदेशक जतिन सरीन बताते हैं कि फिल्म के अंतिम दृश्य में सुशांत जब महेंद्र सिंह धोनी के रूप में श्रीलंका के खिलाफ छक्का लगाकर भारत को विश्वकप में जीत दिलाते हैं तो उसमें एसएस का बल्ला उनके हाथ में है। इसी बल्ले से महेंद्र सिंह धोनी ने खुद विश्व कप में छक्का जड़कर भारत को जीत दिलाई थी।
यह बल्ला महेंद्र सिंह धोनी ने फिल्म के लिए सुशांत सिंह राजपूत को उपहार में दिया था। धोनी उक्त विश्व कप से पहले एसएस कंपनी के बल्ले ले गए थे। विश्व कप जीतने के बाद धोनी पत्नी साक्षी के साथ पुन: मेरठ अपने दोस्त जतिन सरीन से मिलने मवाना रोड स्थित उनकी फैक्टरी आए थे। वे पुन: पांच बल्ले ले गए। सुशांत सिंह ने फिल्म में यह शॉट लगाने के लिए धोनी के निर्देशन में अभ्यास किया था।