
अलवर जिले के चिकनी गांव में अपने बेटे के विवाह समारोह में उसके साथ नाचते-गाते महिला की अचानक मौत हो गई। अगले दिन बेटे की शादी थी। लेकिन एक दिन पहले उनकी मां का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इससे शादी की खुशी गम में बदल गई। घटना 3 फरवरी की है। इसका वीडियो अब सामने आया है। इस हादसे के बाद परिवार के कुछ ही सदस्यों की उपस्थिति में अगले दिन शादीगमगीन माहौल में शादी की रस्में पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार अलवर जिले के चिकनी गांव निवासी नीरज की शादी 4 फरवरी को होनी थी। शादी से एक दिन पहले भात का कार्यक्रम था। इसमें नीरज की 55 वर्षीय मां नीलम भी डांस कर रही थीं। डांस करते हुए अचानक नीलम को दिल का दौरा पड़ा। इससे उसकी वहीं मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि शादी के माहौल में सभी डीजे पर डांस कर रहे थे। इस दौरान नीलम भी अपने बेटे के साथ डांस करने लगी। लेकिन इसी दौरान वह अचानक बेहोश हो गई।
घटना एक युवक के मोबाइल में कैद हो गई
परिजनों ने उसे संभाला और तुरंत अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन मृत घोषित कर दिया। इस बात की जानकारी जैसे ही घरवालों को लगी तो घर में मातम छा गया। सुख दुख में बदल गया। किसी को नहीं पता था कि क्या करना है? किसी तरह शादी में आए परिजनों ने घरवालों को संभाला।हृदय विदारक ये घटना एक युवक के मोबाइल फोन में कैद हो गई जो डांस के दौरान वीडियो बना रहा था। वो वीडियो अब सामने आया है।
माँ को पहले से थी दिल की बीमारी
नीलम की मौत के बाद बेटे ने उसका अंतिम संस्कार किया। इसके बाद 4 फरवरी को वे गमगीन माहौल में परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में फेरों की रस्म पूरी की गई। परिजनों ने बताया कि महिला को पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी थी। नाचते-गाते अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे गिर पड़ी। वे कुछ समझ पाते इससे पहले ही नीलम की मौत हो गई।