Home Breaking News महिला को हिस्ट्रीशीटर जेठ ने मारी गोली, छह महीने पहले जमानत पर...

महिला को हिस्ट्रीशीटर जेठ ने मारी गोली, छह महीने पहले जमानत पर आई थी बाहर, नंदू रावण गैंग से जुड़ा था आरोपी

नोएडा। छह महीने पहले एक महिला जमानत पर जब बाहर आकर ससुराल पहुंची तो जेठ ने उस पर गोली चला दी। महिला के पैर में गोली लगी। उसका इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। गोली चलाने के बाद से आरोपी जेठ मौके से फरार हो गया। यह घटना नोएडा के थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के गढ़ी शाहदरा गांव की है। आरोपी जेठ भी नोएडा का संजय राठी हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसे पुलिस आयुक्त ने जिला बदर भी कर रखा था लेकिन वो फिर भी नोएडा में ही रह रहा था।

एडीसीपी सेंट्रल डॉक्टर राजीव दीक्षित ने बताया कि गढ़ी शहदरा गांव निवासी संजय भाटी अपने भाई अजीत भाटी के घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर उसके छोटे भाई की पत्नी कविता ने दरवाजा खोला। संजय ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। गोलियों से बचने के लिए कविता घर के अंदर भागी लेकिन संजय ने उसे 3 गोलियां मार दी। गोली लगने से कविता गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।

एडीसीपी ने बताया कि कविता का पति अजीत भाटी जून माह वर्ष 2021 में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस संबंध में परिजनों ने कविता उसके बहनोई व किरायेदार कपिल, मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

परिजनों का आरोप था कि इन लोगों ने अजीत भाटी को अगवा कर उसकी हत्या कर दी है। पुलिस पूछताछ के दौरान कविता ने अपने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की थी लेकिन आज तक उसका शव पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

कविता करीब छह महीने पहले जेल से जमानत पर बाहर आई थी और अपने ससुराल गढ़ी शाहदरा में ही रह रही थी। संजय भाटी द्वारा अंजाम दी गई इस वारदात को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अपने भाई के लापता होने से संजय काफी परेशान था। संजय गुरुग्राम में रहता है।

थाना सेक्टर 142 के थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि गांव गढ़ी शाहदरा में रहने वाली एक महिला को उसके जेठ संजय भाटी ने बीती रात को गोली मार दिया। उन्होंने बताया कि गोली महिला के पैर में लगी है। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में महिला का पति अजीत लापता हो गया था। उसके जेठ संजय को शक था कि महिला ने उसके भाई की अपने साथियों के संग मिलकर हत्या करवाई है। इस मामले में पुलिस ने महिला व अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शातिर बदमाश है। इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। यह कुख्यात बदमाश नंदू रावण के साथ मिलकर गौतम बुद्ध नगर में अपराध करता था। नंदू रावण जनपद बिजनौर में पुलिस कस्टडी में उस समय मारा गया था, जब उसे कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था।संजय नंदू का मौसेरा भाई है।

.

News Source: https://royalbulletin.in/the-woman-was-shot-by-the-history-sheeter-brother-in-law-came-out-on-bail-six-months-ago/16233

महिला को हिस्ट्रीशीटर जेठ ने मारी गोली, छह महीने पहले जमानत पर आई थी बाहर, नंदू रावण गैंग से जुड़ा था आरोपी
The Sabera Deskhttps://www.thesabera.com
Verified writer at TheSabera

Must Read

महिला को हिस्ट्रीशीटर जेठ ने मारी गोली, छह महीने पहले जमानत पर आई थी बाहर, नंदू रावण गैंग से जुड़ा था आरोपी