जिले के लोग यह न सोचें कि जिले में कोरोना की स्थिति अब ठीक हो रही है। अभी और संभल कर रहने की जरुरत है। आवश्यक हो तभी अनलॉक में आप घर से बाहर निकलें। कोरोना का संक्रमण अभी घटा नहीं है। संख्या भले ही कुछ घट रही है, लेकिन जिले में रविवार तक 139 रेड जोन है और हर रेड जोन, हॉट-स्पॉट के पास का 250 मीटर क्षेत्र कैंटेनमेंट जोन है। अभी और संभल कर रहने की जरुरत है।
आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार रविवार तक मेरठ जिले में कुल 283 स्थानों को प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर हॉट-स्पॉट, रेड जोन घोषित किया था। सीएमओ की रिपोर्ट पर रविवार को डीएम ने मलियाना, जयभीमनगर, रामनगर, अनुपनगर फाजलपुर, हाफिजपुर, ब्रहमपुरी, जटौली, मंजूरनगर, जाकिर कालोनी गली नंबर-29, बिसौला ग्राम, दबथुआ, सलावा, भाटवाड़ा(सरधना), रासना(रोहटा), नंगलामल(रजपुरा), माछरा वाल्मिकी मोहल्ला, भूड़बराल और कल्याण सिंह(मवाना) को ग्रीन जोन घोषित किया।
इस तरह 27 मार्च से अब तक 144 इलाकों को रेड जोन से ग्रीन जोन घोषित किया गया। अब भी जिले में 139 रेड जोन, हॉट स्पॉट हैं। वहीं इन सभी के आसपास के इलाके कैंटेनमेंट जोन है। कैंटेनमेंट जोन में सख्त पाबंदी के निर्देश हैं।
शासन के आदेश के तहत कैंटेनमेंट जोन में अब अब प्रशासन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन की भी मदद लेगा। उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घरों में पाबंद कर दिया जाएगा।