कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत के बाद भगत सिंह मार्केट 14 दिन के लिए बंद कर दिया गया। व्यापारियों ने जैसे ही दुकानें खोली, पुलिस उन्हें बंद कराने पहुंच गई। इस पर पुलिस-व्यापारियों में झड़प हुई। पुलिस ने आदेश का हवाला दिया। व्यापारियों ने लॉकडाउन में माली हालत की दुहाई दी। बहरहाल, आश्वासन दिया गया कि मार्केट 14 दिन बंद नहीं रहेगी। इस पर अफसरों से बात होगी।
सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने शनिवार सुबह एक आदेश जारी किया। इसके तहत भगत सिंह मार्केट 14 दिन तक बंद रखने के लिए कहा गया। दरअसल, इस मार्केट के निकट पीर वाली गली में रहने वाली एक महिला की कोरोना से मौत हो गई। इसके मद्देनजर भगत सिंह मार्केट को हॉटस्पॉट बनाते हुए उसे बंद रखने का आदेश जारी हुआ। हालांकि सुबह में हुए इस आदेश की व्यापारियों को कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने अपनी-अपनी दुकानें खोल ली। हॉटस्पॉट बनाने के लिए कोतवाली इंस्पेक्टर देवेश शर्मा पुलिस बल लेकर पहुंच गए। उन्होंने दुकानें बंद करानी शुरू कर दी।
भगत सिंह मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष अकरम गाजी मौके पर आ गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। कहा कि लॉकडाउन में काम-धंधे चौपट हो चुके हैं। जैसे-तैसे अब दुकानें खुलनी शुरू हुई थीं। अब 14 दिन बंद रहने से व्यापारियों की कमर बुरी तरह टूट जाएगी। उन्होंने इंस्पेक्टर से अनुरोध किया कि पीर वाली गली को छोड़कर शेस मार्केट खुलने दी जाए। इस पर सहमति नहीं बनी। व्यापारी नेता ने कहा कि 14 दिन की बजाय मार्केट को 3 दिन के लिए बंद कर दिया जाए, इस पर वे सहमत हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का 14 दिन का आदेश है। 3 दिन के लिए वह जिला प्रशासन के अधिकारियों से बात करेंगे। इसके बाद कोई निर्णय ले पाएंगे। फिलहाल पुलिस ने दुकानों को बंद कराकर हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है।