लॉकडाउन की लंबी अवधि के बाद शहर अनलॉक होना शुरू हुआ तो बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ते ही कोरोना अनकंट्रोल होने लगा है। सोमवार को कोरोना संक्रमित 40 नए मरीजों की रिपोर्ट ने प्रशासन के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। वहीं, अब तक का मरीजों का रिकॉर्ड भी टूट गया है। पुरानी चेन बंद होने के बजाय नई चेन भी बनती जा रही हैं। समझ नहीं आ रहा है कि अनलॉक-1 में कौन सी चेन कहां से बन रही है।
पिछले 2 दिनों में कोरोना वायरस के 68 केस सामने आए हैं। सोमवार को आई रिपोर्ट में अस्थायी जेल के 10 बंदी हैं, जो ललियाना, अहमदनगर, सरधना, मुजफ्फरनगर, घोसीपुर, फाजलपुर, रुकनपुर भावनपुर के निवासी हैं। इनके अलावा 29 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय युवक, 8 वर्षीय बच्चा और 33 वर्षीय युवक भी संक्रमित मिले हैं, जो मूलचंद अस्पताल की संक्रमित मिली नर्स के संपर्क वाले हैं। वहीं 40 वर्षीय महिला, 10 वर्षीय बच्ची, 30 वर्षीय महिला, 35 वर्षीय युवक, 14 वर्षीय किशोरी और 32 वर्षीय महिला नौचंदी थाना परिसर में रहने वाले सिपाही और लिसाड़ी गेट के मुंशी के परिवार वाले हैं। वहीं, 28 वर्षीय महिला कांस्टेबल सरधना थाने में तैनात है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को 423 में से कुल 337 सैंपलों की जांच हुई। जिसमें 40 केस पॉजिटिव आए। मेरठ में अभी तक कोरोना के 672 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें 419 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 48 मरीजों की मौत हो चुकी है। 205 मरीज अभी एक्टिव हैं।