नि:शुल्क राशन वितरण के पहले ही दिन शहर में कई जगह लंबी-लंबी कतारें दिखीं। सुबह से ही लोग राशन लेने के लिए दुकानों पर जा पहुंचे। शहर से लेकर देहात तक राशन वितरण किया गया। इस दौरान कई जगह उपभोक्ताओं ने वितरकों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। पुलिस को भी पहुंचकर मामला शांत कराना पड़ा।
सोशल डिस्टेंसिंग के दावे ध्वस्त
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जून माह का अतिरिक्त खाद्यान्न का वितरण शनिवार से शुरू किया गया। आपूर्ति विभाग के निर्देश पर दुकानों के बाहर गोल घेरे बनाए गए थे। इसी के साथ हैंडवॉश के लिए साबुन, पानी व सैनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई थी। इसके बावजूद नेहरू नगर, फूल बाग कालोनी, सुभाष नगर, शेरगढ़ी, जयभीमनगर आदि कई जगह भीड़ के आगे सोशल डिस्टेंसिंग के दावे ध्वस्त होते दिखे।
95 हजार को बंट गया राशन
इस बार महीने की 15 तारीख नहीं बल्कि 20 से राशन वितरण शुरू किया गया। जिला आपूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि शहर से लेकर देहात तक राशन वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि पहले दिन शाम 6 बजे तक 95 हजार उपभोक्ताओं को राशन वितरित किया गया।