भैंसाली डिपो के यातायात निरीक्षक कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। निजी पैथॉलोजी की जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव आने के बाद डिपो में हड़कंप मच गया। अलग-अलग जगहों पर तैनाती होने से इनके सपंर्क में कितने लोग आए हैं इसे तलाशना मुश्किल होगा। माना जा रहा है कि डयूटी के दौरान सैकड़ों लोग संपर्क में आए हैं। यातायात निरीक्षक के साथ ड्यूटी करने वाले दो सहायक निरीक्षकों की भी जांच रिपोर्ट भेजी गई है।
शनिवार को चिकित्सकों की टीम तीनों बस स्टेशनों के कर्मचारियों के रैंडम सैंपल लेगी। अधिकारियों ने कोरोना पॉजिटिव रोडवेज कर्मी के बीते 15 दिनों के तैनाती स्थलों की रिपोर्ट तलब की है। एआरएम समेत स्टेशन प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों की भी जांच की जाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भैंसाली डिपो राजेश कुमार के मुताबिक यातायात निरीक्षक कई दिन से बुखार से पीड़ित थे। वह छुट्टी पर थे। उन्होंने कोविड जांच निजी पैथॉलोजी में कराई थी। जांच रिपोर्ट में पॉजीटिव मिले हैं। एआरएम ने बताया कि वह कई स्थानों पर डयूटी कर चुके हैं। कितने लोगों के वह संपर्क में आए इसकी जांच कराई जा रही है। दो सहायक यातायात निरीक्षक की भी जांच कराई गई है। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों और चिकित्सकों को दे दी है। शनिवार को सीएमओ का चिकित्सीय दल सभी रोडवेज कर्मियों के सैंपल लेगा। वहीं यातायात निरीक्षक की पुन: जांच सीएमओ की टीम करेगी।