कोरोना संक्रमण को लेकर मेरठ में शासन के प्रतिबंध का व्यापक असर रहा। मेरठ में 58 घंटे का प्रतिबंध शुक्रवार रात आठ बजे से शुरू हुआ। शनिवार सुबह से जिले के सभी बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, कार्यालय बंद रहे। सरकारी कार्यालयों में दूसरे शनिवार को राजकीय अवकाश के कारण अवकाश रहा। डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों के साथ दिन भर शहर में गश्त करते रहे।
शासन के आदेश के तहत 10 जुलाई की रात 10 बजे से 13 जुलाई की सुबह पांच बजे तक 55 घंटे तक सभी के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। बाजार, प्रतिष्ठान, सभी बंद कर दिए गए। शनिवार सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। हाईवे पर वाहनों का आवागमन काफी कम रहा। सिवाया टोल से पिछले 24 घंटे में मात्र साढ़े तीन हजार वाहन ही गुजरे, जबकि आम दिनों में 20 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन रहता है।
शहर में सदर, सेंट्रल मार्केट सहित शहर के सभी बाजार बंद रहे। दिन में डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी, एडीएम सिटी अजय तिवारी, एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह पुलिस, फोर्स मजिस्ट्रेट के साथ निकले। बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, भूमिया पुल सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। शहर में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर वाहन नाममात्र को चले। दिनभर शहर में पुलिस की गश्त रही।