दो माह बाद सोमवार को रोडवेज बस और ट्रेन सेवा बहाल हो गई। सोहराब गेट और भैंसाली डिपो से रोडवेज बसों को रवाना किया गया। साथ ही सुबह के समय जनशताब्दी सिटी स्टेशन से गुजरी।
लॉकडाउन में बस और ट्रेन सेवा बंद कर दी गई थी। सोमवार को सिटी स्टेशन पर यात्रियों की हलचल नजर आई। सुबह सवा आठ बजे दिल्ली रेलवे मुख्यालय से स्टेशन पर जनशताब्दी के आने की सूचना दी गई।
सिटी स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक स्टाफ के साथ प्लेटफार्म पर पहुंचे। सुबह 9:05 बजे ट्रेन देहरादून की तरफ से सिटी स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन से 20 यात्री स्टेशन पर उतरे। साथ ही 30 यात्री सवार हुए।
इसके अलावा सोमवार को बसों ने भी रफ्तार पकड़ी। शाम तक मेरठ डिपो से 15 बसों में 72 यात्री रवाना हुए। भैंसाली डिपो की 15 बसों में 32 यात्री गए। सोहराब डिपो की आठ बसों में 24 यात्री सवार होकर गए। इसमें दो बसें सरधना ग्रामीण क्षेत्र में भी भेजी गई। सबसे अधिक पांच बसें लखनऊ भेजी गईं। आगरा, बरेली, बुलंदशहर, दिल्ली आदि जगहों के लिए भी बसों का संचालन हुआ।
पहले दिन बसों में यात्रियों की संख्या बेहद कम रहीं। 3-4 यात्रियों को लेकर भी बसें एक-एक घंटे के अंतर पर रवाना हुईं। बस स्टैंड पर संचालन के लिए भेजी गई सभी बसें नहीं चल पाई। मेरठ डिपो की सात, सोहराब गेट की नौ, भैंसाली डिपो की 6 बसें शाम तक खड़ी रहीं। हालांकि देर शाम इन्हें भी मार्ग पर भेजने की बात कही गई।