नगर निगम ने शहर के डेयरी संचालकों को एक झटका दे दिया है। नगर निगम की ओर से शहरी क्षेत्र में 48 डेयरी संचालकों पर तीन करोड़ 55 लाख का जुर्माना लगाया था। इस आदेश को डेयरी संचालक हाईकोर्ट में चुनौती देने जा रहे थे। इससे पूर्व ही नगर आयुक्त की ओर से कैविएट दायर कर दिया गया है।
नगर आयुक्त ने पिछले माह सफाई निरीक्षकों से शहर के डेयरी संचालकों का सर्वे कराया था। इसमें पाया गया कि 48 डेयरी संचालकों ने हाईकोर्ट के आदेश पर शपथ पत्र देकर कहा था कि वे डेयरियों को शहर से बाहर ले जाएंगे। हालांकि, एक साल बाद भी वे शहर की आबादी के बीच ही डेयरियों का संचालन कर रहे हैं। इस आधार पर प्रतिदिन के हिसाब से नगर आयुक्त ने इन डेयरी संचालकों के खिलाफ तीन करोड़ 55 लाख 40 हजार जुर्माने का नोटिस जारी किया।
भुगतान नहीं करने पर आरसी जारी कराकर वसूली का आदेश दिया गया था। इस बीच डेयरी संचालक नगर आयुक्त के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे थे। हाईकोर्ट में चुनौती से पूर्व ही नगर आयुक्त की ओर से हाईकोर्ट में कैविएट दायर कर दिया गया। अब डेयरी संचालकों को किसी प्रकार की राहत से पूर्व हाईकोर्ट, नगर निगम का पक्ष सुनेगा।