
मेरठ जिले के किला परीक्षित गढ़ थाना क्षेत्र के पसवाड़ा गांव में एक 45 वर्षीय महिला की गला रेत कर हत्या कर दी
मेरठ जिले के किला परीक्षित गढ़ थाना क्षेत्र के पसवाड़ा गांव में एक 45 वर्षीय महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। महिला अपने पशुओं के लिए जंगल से चारा लेने गई थी, इस दौरान उसका गला रेता शव मिलने से परिवार वालों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार किला परीक्षित गढ़ थाना क्षेत्र के पसवाड़ा गांव में महेंद्र सिंह मजदूरी का कार्य करता है। बृहस्पतिवार को वह नजदीकी गांव मावी में कार्य करने के लिए गया हुआ था उसकी पत्नी लखमीरी पशुओं का चारा लेने के लिए गई हुई थी। शाम 5 बजे के बाद महेंद्र जब मजदूरी कर जब वापस लौटा तो पत्नी को घर ना मिलने पर अपने बच्चों से उनकी मां के बारे में पूछा। बच्चों ने बताया कि मां पशुओं का चारा लेने गई हुई है लेकिन अभी तक वापस नहीं लौटी।

काफी देर तक भी लखमीरी जब घर नहीं पहुंची तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। देर शाम से महिला का पति और उसके बच्चे व पड़ौसी आसपास खेतों में तलाश करने लगे, लेकिन महिला का कोई सुराग नही मिला। रात करीब 9:00 बजे गांव के मंदिर के लाउडस्पीकर से महिला की तलाश करने के लिए लोगों को एकत्र होने की बात कही। जिस पर सैकड़ों ग्रामीणों मिलकर आसपास के खेतों में महिला को तलाश करने लगे।

इसी दौरान जैसे ही वह गांव के ही चरखा शर्मा की एक खेत के पास पहुंचे तो महिला का गर्दन रेता हुआ शव पड़ा मिला। मौत की खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित पति ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। महिला का गला रेत कर हत्या करने की सूचना थाने पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी करते हुए आस पास के खेतों में छानबीन की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच में जुट गयी है।
