Home Breaking News उत्तर प्रदेश के 14वें मंत्री कोरोना पॉजिटिव, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने...

उत्तर प्रदेश के 14वें मंत्री कोरोना पॉजिटिव, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने किया ट्वीट

कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार प्रदेश में गति पकड़ चुका है। इसकी चपेट में आम लोगों के साथ मंत्री तथा प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी आ रहे हैं। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना भी कोरोना वायरस के संक्रमण में आ गए हैं। वह प्रदेश सरकार के 14वें मंत्री है, जो कि संक्रमण की चपेट में हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वह फिलहाल लखनऊ में अपने सरकारी आवास में होम क्वॉरंटाइन रहेंगे। उनके स्टॉफ के तीन सदस्य भी कोरोना संक्रमित हैं। उन्होंने बीते दिनों में संपर्क में आए लोगों से कोरोना जांच कराने की अपील की है।

कानपुर निवासी मंत्री सतीश महाना ने शुक्रवार को दिन में अपनी व स्टॉफ के 13 लोगों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें सभी को निगेटिव बताया गया था। इसके बाद दोबारा सैंपल देने के बाद वह लखनऊ से लाल बंगला के अपने आवास पर आ गए थे। यहां देर रात दूसरी जांच रिपोर्ट आने पर जानकारी दी गई कि उन्हेंं और स्टॉफ के तीन सदस्यों कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद वह लाल बंगला के घर से फिर लखनऊ चले गए हैं।

मंत्री सतीश महाना के परिवार के कई सदस्य कोरोना संक्रमित हो गए थे, जो इस समय स्वस्थ हैं। औद्योगिक विकास मंत्री ने बताया कि उनके संक्रमित होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बात की और तुरंत डॉक्टरों की टीम भेजने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके साथ स्वास्थ्य मंत्री ने भी उनका हाल जाना है।

Must Read

उत्तर प्रदेश के 14वें मंत्री कोरोना पॉजिटिव, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने किया ट्वीट